काकोरी फ़िल्म की जयपुर में स्पेशल स्क्रीनिंग : वास्तविक अभिनय के साथ आई तकनीक का जीवंत प्रयोग
By
चंद्रशेखर
December 22, 2025
समाचार › राजस्थान विविध
वास्तविक अभिनय के साथ आई तकनीक का जीवंत प्रयोग
जयपुर। काकोरी कांड की शताब्दी वर्ष के मौके पर अरावली फिल्म्स सोसाइटी ने सोमवार को काकोरी फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग की। स्क्रीनिंग के बाद प्रबुद्ध वर्ग के लोगों ने फिल्म की समीक्षा कर इसे एक नया और अविस्मरणीय अनुभव बताया।
पहली बार इस फिल्म की स्क्रीनिंग 56वें फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया,गोवा, में ओपनिंग फिल्म ऑफ इंडियन पैरानोमा नॉन फीचर सेक्शन में हुई थी । अरावली फ़िल्म सोसाइटी के अनुरोध पर निर्माता निर्देशक ने फ़िल्म की विशेष प्रति स्क्रीनिंग हेतु सौंपी है।
फ़िल्म में वास्तविक अभिनय के साथ आई तकनीक का जीवंत प्रयोग किया गया है जो युवा वर्ग को आकर्षित करता है। फ़िल्म ने स्वतंत्रता सेनानियों का शौर्य और त्याग दर्शाया है ऐतिहासिक तथ्यों पर आधारित होने के साथ फ़िल्म देशभक्ति और मानवीय संवेदनाओं को बखूबी जाग्रत करती है।
समीक्षा करते हुए साहित्य भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री मनोजकुमार ने कहा ऐसे निर्माता बधाई के पात्र हैं जो बिना किसी लाभ की आकांक्षा के, अनछुए विषयों पर देशभक्ति पूर्ण फिल्में बना रहे है। उन्होंने कहा कि यह वर्ष वंदे मातरम् का भी शताब्दी वर्ष है पर फिल्म सिद्ध करती है कि वंदे मातरम् एक नारा नहीं देश भक्ति जगाने का मंत्र है जिसे क्रांतिकारियों ने हमे सौंपा है। उन्होंने कहा कि फ़िल्म के नायक अमर क्रांतिकारी राम प्रसाद बिस्मिल महान साहित्यकार भी थे, जिन्होंने मेरा रंग दे बसंती चोला और सरफरोशी की तमन्ना जैसे गीतों की रचना की। उन्होंने कहा कि फ़िल्म और विस्तृत होती तो और भी बेहतर होती।
साहित्य भारती के चित्तौड़ प्रांत के संगठन मंत्री श्री विपिनकुमार ने बिस्मिल जी की शहादत के बाद उनकी माँ ने उनकी अंतिम यात्रा में उनके शव को खड़ा करवा कर के कहा था कि बिस्मिल जैसे क्रांतिकारी मर नहीं सकते। वो देश की यादों में अमर रहेंगे।
राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के सामाजिक संकाय के अध्यक्ष प्रो. अमिताभ श्रीवास्तव ने कहा कि क्रांतिकारियों के चित्र पर सिर्फ़ माला चढ़ाने से उनके सपने पूरे नहीं हो सकते। ऐसी फिल्में क्रांतिकारियों को मानवीय रूप में प्रस्तुत करती है जिससे लोग उनसे जुड़ते हैं और सहज ही उनमे देश के लिए कुछ करने की प्रेरणा जागती है।
धन्यवाद ज्ञापन देते हुए अरावली फिल्म सोसाइटी के डायरेक्टर दिवस गौर ने बताया अरावली फ़िल्म सोसाइटी हर माह जयपुर में एक समाज उपयोगी रोचक फ़िल्म का निःशुल्क प्रदर्शन करती है। सोसाइटी के अनुरोध पर निर्माता निर्देशक ने फ़िल्म की विशेष प्रति स्क्रीनिंग हेतु सौंपी जिसके लिए हम उनके आभारी हैं