Breaking News
VSK Foundation Jaipur Logo - विश्व संवाद केंद्र जयपुर
विश्व संवाद केंद्र, जयपुर ( VSK Foundation Jaipur )

भगवान बिरसा मुंडा : स्वधर्म, स्वाभिमान और स्वाधिकार के अमर उद्घोषक

अंग्रेजी सत्ता, शोषण और सांस्कृतिक विस्मृति के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित करने वाले बिरसा मुंडा ने धर्म-जागरण को सामाजिक सुधार और अधिकारों के संघर्ष से जोड़ा। उनका जीवन केवल एक राजनीतिक विद्रोह की कथा नहीं, बल्कि अपनी परंपरा, प्रकृति और अस्मिता के प्रति जागृत समाज के निर्माण का प्रेरक अध्याय है।

By चंद्रशेखर November 15, 2026
लेख › समसामयिक
भगवान बिरसा मुंडा : स्वधर्म, स्वाभिमान और स्वाधिकार के अमर उद्घोषक
भारतीय इतिहास में कुछ व्यक्तित्व ऐसे हैं, जिनका योगदान किसी एक आंदोलन या कालखंड तक सीमित नहीं रहता। वे अपने समाज को आत्मबोध कराते हैं, उसकी सोई हुई चेतना को जगाते हैं और उसे अपने अधिकारों तथा परंपराओं के लिए खड़े होने का साहस देते हैं। भगवान बिरसा मुंडा ऐसे ही युगद्रष्टा व्यक्तित्व थे। उन्होंने जनजातीय समाज को केवल अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष का आह्वान नहीं किया, बल्कि उसे अपनी सांस्कृतिक जड़ों, धार्मिक आस्था, सामाजिक मर्यादाओं और सामूहिक शक्ति का स्मरण भी कराया। यही कारण है कि वे जनजातीय समाज में ‘धरती आबा’ के नाम से श्रद्धापूर्वक स्मरण किए जाते हैं। बिरसा मुंडा के कार्य का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष समाज-सुधार था। उन्होंने अनुभव किया कि अंधविश्वास, नशाखोरी, सामाजिक कुरीतियां और आपसी बिखराव समाज को भीतर से कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने सोखा-ओझा के नाम पर फैलाए जाने वाले भ्रम से दूर रहने, बलि जैसी प्रथाओं को व्यर्थ मानने और सभी जीवों के प्रति दया एवं प्रेम रखने का संदेश दिया। हड़िया और शराब से दूर रहने, सादा जीवन और उच्च विचार अपनाने तथा संगठित रहने पर उनका विशेष आग्रह था। उनके उपदेशों में स्वच्छता, संयम, पवित्रता और सामाजिक अनुशासन को भी महत्त्वपूर्ण स्थान प्राप्त था। उनकी दृष्टि में धर्म केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि जीवन को मर्यादित और समाज को संगठित करने वाली शक्ति था। वे ‘सिंगबोंगा’ की उपासना का संदेश देते थे। उनके विचारों में भारतीय आध्यात्मिक परंपरा की व्यापकता दिखाई देती है। वे अलग-अलग दिशाओं में ब्रह्मा, विष्णु, काली और दुर्गा का स्मरण कराते हुए अपने अनुयायियों को बताते थे कि उनकी आस्था की जड़ें व्यापक भारतीय धार्मिक चेतना से जुड़ी हैं। उनके लिए सिंगबोंगा की उपासना का अर्थ अन्य देवी-देवताओं के प्रति अस्वीकार नहीं था। भारतीय परंपरा का ‘एकं सत् विप्रा बहुधा वदन्ति’ का भाव उनकी धार्मिक दृष्टि में अभिव्यक्त होता है। बिरसा के उपदेशों और उनसे जुड़े गीतों में तुलसीदास का स्मरण भी मिलता है। उन्होंने तुलसी के पौधे को पवित्रता और धर्मबोध का प्रतीक बनाकर अपने अनुयायियों को उसके बीज घरों में रोपने का संदेश दिया। चुटिया यात्रा के दौरान तुलसी के बीजों को लेकर उन्होंने कहा कि इनमें धर्म का तत्त्व निहित है। उनके लिए यह केवल एक पौधा लगाने का आग्रह नहीं था, बल्कि अपनी सांस्कृतिक परंपरा और धार्मिक पहचान को घर-घर में जीवित रखने का प्रयास था। इसी भाव से उन्होंने चुटिया और जगन्नाथपुरी की यात्रा की। जनजातीय समाज की मान्यता थी कि उनके पूर्वज जगन्नाथपुरी में पूजा-अर्चना के लिए जाते थे। बिरसा ने इस परंपरा को फिर से स्मरण कराया। पुरी यात्रा के दौरान उन्होंने शुचिता और तप का मार्ग अपनाया तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता का संकल्प लिया। इन यात्राओं का उद्देश्य अपने समाज को उसकी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना और उसके भीतर आत्मसम्मान का भाव जगाना था।

धर्म-जागरण से अधिकारों के संघर्ष तक

बिरसा मुंडा का आंदोलन केवल धार्मिक सुधार तक सीमित नहीं था। उस समय जनजातीय समाज भूमि, जंगल और श्रम से जुड़े अनेक प्रकार के शोषण का सामना कर रहा था। बेगारी, आर्थिक शोषण, भूमि पर अधिकारों का हनन और जमींदारों का प्रभुत्व उसके जीवन को प्रभावित कर रहे थे। बिरसा ने इन प्रश्नों को अपने आंदोलन के केंद्र में रखा। उनका आग्रह था कि वनवासी बेगारी न करें, श्रम के अनुरूप पारिश्रमिक मिले, भूमि और वन-संपदा पर स्थानीय समाज का अधिकार सुरक्षित हो तथा महिलाओं और बच्चों को सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा के अवसर प्राप्त हों। उनकी मांगों में वनवासी समाज को अन्य वर्गों के समान सुविधाएं देने, अत्याचार करने वालों को दंडित करने और धार्मिक स्थलों पर जाने की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने जैसे विषय भी शामिल थे। इन मांगों से स्पष्ट होता है कि बिरसा का संघर्ष केवल सत्ता परिवर्तन का प्रश्न नहीं था। वे सामाजिक सम्मान, आर्थिक न्याय और सांस्कृतिक स्वतंत्रता पर आधारित व्यवस्था की कल्पना कर रहे थे। इसी दौर में सरदारी आंदोलन भी चल रहा था। कुछ सरदार अंग्रेजों से रियायतें प्राप्त करने और अपने क्षेत्रीय अधिकारों को सुरक्षित करने की अपेक्षा रखते थे। बिरसा की दृष्टि इससे व्यापक थी। वे मानते थे कि कुछ सरदारों के हित सुरक्षित हो जाने से सामान्य मुंडा और उरांव समाज की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। उनके लिए समाज का वास्तविक उत्थान सामूहिक जागरण और शोषण से मुक्ति में निहित था। प्रारंभ में उन्होंने शांतिपूर्ण मार्गों पर जोर दिया और हिंसा को एकमात्र उपाय मानने से इनकार किया। लेकिन आंदोलन की परिस्थितियां आगे चलकर अधिक संघर्षपूर्ण होती चली गईं।

अंग्रेजी सत्ता और मिशनरी गतिविधियों को चुनौती

बिरसा ने जनजातीय समाज से अपने स्वधर्म और परंपराओं की ओर लौटने का आह्वान किया। उन्होंने ईसाई मिशनरियों की बढ़ती गतिविधियों और धर्मांतरण के प्रयासों का विरोध किया। उनके आह्वान पर अनेक लोग ईसाई मत छोड़कर अपनी पुरानी धार्मिक परंपराओं में लौटे। इससे अंग्रेजी शासन और मिशनरी संस्थाओं के सामने एक ऐसी चुनौती खड़ी हुई, जिसकी उन्होंने अपेक्षा नहीं की थी। एक सामान्य वनवासी युवक अपने समाज को संगठित कर उनके प्रभाव का प्रतिकार कर रहा था। बिरसा की बढ़ती लोकप्रियता से ब्रिटिश प्रशासन चिंतित हो उठा। उनके विरुद्ध सरकारी रिपोर्टें तैयार की गईं। उन पर लोगों को अंग्रेजी शासन के विरुद्ध भड़काने, लगान न देने के लिए प्रेरित करने और सरकारी व्यवस्था को चुनौती देने के आरोप लगाए गए। उनके आंदोलन को केवल धार्मिक गतिविधि मानने के बजाय ब्रिटिश शासन ने उसे राजनीतिक चुनौती के रूप में देखा। बिरसा को गिरफ्तार किया गया और उनके विरुद्ध मुकदमे चलाए गए। उन्हें कारावास तथा जुर्माने की सजा दी गई। 30 नवंबर 1897 को रिहा होने के बाद उन्होंने फिर से अपने आंदोलन को संगठित करने की तैयारी शुरू की। उनके समर्थकों को अलग-अलग श्रेणियों में संगठित किया गया, ताकि प्रचार, संपर्क और आंदोलन से जुड़े कार्य व्यवस्थित रूप से किए जा सकें। इसके बाद चुटिया और पुरी की यात्राओं के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में सभाएं हुईं। फरवरी 1898 में डोंबरी क्षेत्र में और मार्च 1898 में सिंबुआ पहाड़ी पर आयोजित सभाओं में बड़ी संख्या में अनुयायी जुटे। इन बैठकों में समाज के अधिकारों और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष को लेकर विचार-विमर्श हुआ। आंदोलन के विस्तार ने ब्रिटिश प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। दमन, गिरफ्तारियों और संपत्ति जब्ती जैसे उपायों के माध्यम से इसे कुचलने का प्रयास किया गया। बिरसा के अनुयायियों ने धनुष-बाण और पारंपरिक हथियारों के साथ अंग्रेजी सेना का सामना किया। इस संघर्ष में महिलाओं की भागीदारी का उल्लेख भी मिलता है। ब्रिटिश अधिकारियों के विवरण बताते हैं कि आधुनिक हथियारों से लैस सेना के सामने भी आंदोलनकारियों का साहस कम नहीं हुआ। बिरसा की गिरफ्तारी के बाद भी अंग्रेजी प्रशासन को आशंका थी कि उनके समर्थक फिर से संगठित होकर विद्रोह कर सकते हैं।

प्रकृति, नारी और समाज के प्रति दृष्टि

बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व का एक कम चर्चित पक्ष उनका प्रकृति प्रेम था। वे वन और वृक्षों को केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि जीवन के आधार के रूप में देखते थे। उनका संदेश था कि वृक्षों को आग न लगाई जाए और वन-संपदा को नष्ट न किया जाए। उनका विश्वास था कि प्रकृति में मनुष्य के जीवन और स्वास्थ्य के लिए आवश्यक अनेक औषधीय गुण मौजूद हैं। आयुर्वेद और वनस्पतियों के ज्ञान के प्रति उनका आग्रह इसी दृष्टि का परिचायक था। महिलाओं के प्रति उनके विचार भी उल्लेखनीय थे। वे स्त्री को सहधर्मिणी मानते थे और परिवार तथा समाज के निर्माण में उसकी भूमिका को महत्त्व देते थे। उनका संदेश था कि स्त्री का सम्मान करना पुरुष का धर्म है। वे परिवार में निष्ठा, परस्पर सम्मान और मर्यादित जीवन पर बल देते थे। इस प्रकार उनका समाज-सुधार केवल धार्मिक या आर्थिक प्रश्नों तक सीमित नहीं था, बल्कि परिवार और सामाजिक जीवन की मर्यादाओं से भी जुड़ा था।

धरती आबा : एक व्यक्ति से समाज की चेतना तक

बिरसा मुंडा ने स्वयं को ‘धरती आबा’ अर्थात् धरती का पिता कहा। उनसे जुड़ा एक प्रसंग इस संबोधन के पीछे की भावना को प्रकट करता है। एक सभा में उनकी माता करमी ने उन्हें पुत्र कहकर संबोधित किया। इस पर बिरसा ने कहा कि ईश्वर ने उन्हें समाज के कल्याण का दायित्व सौंपा है और अब उन्हें केवल अपने परिवार के सदस्य के रूप में नहीं, बल्कि समाज के कल्याण के लिए समर्पित व्यक्ति के रूप में देखना चाहिए। यह प्रसंग उनके जीवन के उस पक्ष को सामने लाता है, जिसमें व्यक्तिगत जीवन से ऊपर समाज के प्रति उत्तरदायित्व का भाव दिखाई देता है। ब्रिटिश शासन ने उन्हें दोबारा गिरफ्तार किया। 9 जून 1900 को रांची जेल में उनकी मृत्यु हो गई। सरकारी विवरण में मृत्यु का कारण हैजा बताया गया, जबकि उनके समर्थकों ने इस पर संदेह व्यक्त किया और विष दिए जाने की आशंका जताई। उनका अंतिम संस्कार गुप्त रूप से किया गया। मात्र कुछ वर्षों के सार्वजनिक जीवन में बिरसा ने जिस व्यापक जनचेतना का निर्माण किया, वह उनकी मृत्यु के बाद भी समाप्त नहीं हुई। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन इस बात का प्रमाण है कि किसी समाज की शक्ति उसकी सांस्कृतिक स्मृति, आत्मसम्मान और संगठन में निहित होती है। उन्होंने जनजातीय समाज को बताया कि अपनी परंपराओं पर गर्व करना, कुरीतियों से मुक्त होना, प्रकृति की रक्षा करना और अन्याय के विरुद्ध संगठित होना एक-दूसरे से अलग लक्ष्य नहीं हैं। उनका संघर्ष स्वधर्म, स्वाभिमान और स्वाधिकार की एक ऐसी प्रेरक गाथा है, जो आज भी समाज को अपनी जड़ों से जुड़कर आगे बढ़ने का संदेश देती है।

Related Articles

तुम्हारी आस्था का कोई मूल्य नहीं, क्योंकि तुम हिन्दू हो?

हिन्दू धार्मिक स्थलों, परंपराओं और आस्थाओं से जुड़े विवाद आखिर कब तक? बहुसंख्यक समाज को अपनी सांस्कृतिक अस्मिता और अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा

Nov 25, 2026

सड़क कोई न्यायालय नहीं है

क्या यही नया चलन बनने जा रहा है कि जो भी राजधानी को ठप कर सके, वही हमारी संस्थाओं की शर्तें तय करे?

Nov 20, 2026

आंवला नवमी : पेड़ की छांव में छिपा है सर्दियों से लड़ने का आयुर्वेदिक विज्ञान

आंवला है प्रकृति का अमूल्य उपहार, च्यवनप्राश है आयुर्वेद का अनुपम रसायन

Nov 18, 2026

महर्षि वाल्मीकि : आदिकवि, भारतीय संस्कृति के मार्गदर्शक

रामायण के माध्यम से मर्यादा, कर्तव्य और लोककल्याण के आदर्शों को विश्वभर में प्रतिष्ठित करने वाले महर्षि वाल्मीकि का कृतित्व आज भी प्रासंगिक

Oct 26, 2026