Breaking News
VSK Foundation Jaipur Logo - विश्व संवाद केंद्र जयपुर
विश्व संवाद केंद्र, जयपुर ( VSK Foundation Jaipur )

समाज परिवर्तन के लिए पूरे समाज को साथ लाना होगा: अतुल लिमये

इंदौर में संघ के चरैवेति एकत्रीकरण में बोले सह सरकार्यवाह, संगठन के विस्तार के साथ समाज के आचरण में बदलाव पर दिया जोर

By वीएसके डेस्क October 29, 2026
समाचार › संघ व विविध संगठन
समाज परिवर्तन के लिए पूरे समाज को साथ लाना होगा: अतुल लिमये
इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अतुल लिमये ने कहा कि समाज संगठन और परिवर्तन का कार्य कठिन और परिश्रमसाध्य है, लेकिन इसे वीरव्रत के साथ पूरा करना होगा। समाज परिवर्तन के लिए केवल संगठन का प्रयास पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे समाज को साथ लेकर चलना होगा। उन्होंने कहा कि जगन्नाथ का रथ तभी आगे बढ़ता है, जब सभी लोग मिलकर उसे आगे बढ़ाते हैं। वे 28 अक्टूबर 2026 की शाम इंदौर में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इंदौर विभाग के चरैवेति एकत्रीकरण को संबोधित कर रहे थे। संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों के समापन के अवसर पर आयोजित इस एकत्रीकरण में इंदौर विभाग के पांच जिलों के स्वयंसेवक शामिल हुए।

100 वर्षों की यात्रा स्वयंसेवकों के परिश्रम का परिणाम

लिमये ने कहा कि संघ की 100 वर्षों की यात्रा स्वयंसेवकों के अथक परिश्रम की विजय यात्रा है। इस दौरान संघ ने व्यक्ति निर्माण की अनूठी शाखा पद्धति विकसित की, जिसके माध्यम से देश और समाज के लिए जीवन समर्पित करने वाले स्वयंसेवकों की श्रृंखला तैयार हुई। इसके साथ ही आदर्श सामाजिक जीवन जीने वाले व्रती परिवारों का निर्माण हुआ। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक विस्तार के साथ समाज जीवन में सकारात्मक परिवर्तन के लिए विभिन्न रचनाएं विकसित की गई हैं। सेवा विभाग समाज के सभी वर्गों तक पहुंचने का कार्य करता है, वहीं प्रचार विभाग राष्ट्रीय विचारों के प्रसार में जुटा है। देश के तीन लाख गांवों तक जागरण पत्रिकाओं और राष्ट्रीय विचारों को पहुंचाने के लिए विश्व संवाद केंद्रों के माध्यम से कार्य किया जा रहा है। संपर्क विभाग समाज की सज्जन शक्ति को राष्ट्रीय कार्य से जोड़ने का प्रयास करता है। इसके अतिरिक्त सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए छह विषयों पर आधारित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

पंच परिवर्तन से समाज के आचरण में बदलाव का लक्ष्य

लिमये ने कहा कि स्वयंसेवक समाज के आचरण में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए पंच परिवर्तन का संकल्प लेकर कार्य कर रहे हैं। संघ की कार्यशैली में सामूहिकता, अनुशासन और व्यक्ति निरपेक्षता का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि 100 वर्षों में संगठन का व्यापक विस्तार हुआ है, लेकिन इससे संतुष्ट होकर रुकना नहीं है। कार्यकर्ताओं में निरंतर बेहतर काम करने की भावना बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार के साथ पूरे समाज में संघ भाव का प्रसार होना चाहिए। संगठनात्मक पहुंच शत-प्रतिशत समाज तक बनाने के साथ कार्य की गुणवत्ता भी बनाए रखना जरूरी है। व्यक्ति निर्माण के साथ समाज के व्यवहार में परिवर्तन लाने वाली रचनाओं का विकास भी करना होगा। उन्होंने सामाजिक विमर्श को दिशा देने वाली व्यवस्थाएं विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि समाज का मन देश और समाज के अनुकूल कार्य करने वाला बने। समाज में आस्था और आत्मीयता का भाव मजबूत हो तथा विचारों के साथ व्यवहार में भी बदलाव आए। समाज के किसी भी वर्ग के प्रति विषमता का व्यवहार नहीं होना चाहिए। इसी उद्देश्य से पंच परिवर्तन का संकल्प लिया गया है।
पंच परिवर्तन से समाज के आचरण में बदलाव का लक्ष्य

सामाजिक संस्थाओं के साथ संवाद और समन्वय पर जोर

संघ के सह सरकार्यवाह ने कहा कि देश और समाज के सामने मौजूद समस्याओं के साथ-साथ चुनौतियों पर भी काम करना होगा। इसके लिए शासन और समाज दोनों को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने सामाजिक, धार्मिक, आर्थिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में कार्यरत 10 लाख से अधिक संस्थाओं के बीच संवाद और समन्वय स्थापित करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं की क्षमता और कार्यकुशलता के अनुसार उन्हें जिम्मेदारी देने तथा प्रशिक्षण उपलब्ध कराने वाली कार्यपद्धति विकसित करनी होगी। पूरे समाज को साथ लेकर चलने का स्वभाव बनाना जरूरी है। इसके लिए संगठनात्मक आग्रह से ऊपर उठकर व्यापक सामाजिक हित में काम करना होगा। लिमये ने हिंदू जीवन मूल्यों और धर्म आधारित व्यवस्थाओं के माध्यम से सामाजिक व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने तथा समाज में संस्कार देने वाली व्यवस्थाएं खड़ी करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार के साथ समाज में जागरण, संपर्क और समस्याओं के समाधान के लिए संचालित गतिविधियों को और मजबूत करना होगा। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे उपेक्षा, विरोध, उत्साह और सहयोग जैसी विभिन्न परिस्थितियों का सामना करते हुए अपने कार्य को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएं और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहें।

ध्वजारोहण और सामूहिक योग प्रदर्शन से शुरुआत

चरैवेति एकत्रीकरण का शुभारंभ ध्वजारोहण और संघ प्रार्थना के साथ हुआ। इसके बाद स्वयंसेवकों ने सामूहिक योग प्रदर्शन किया। इंदौर विभाग कार्यवाह रित्नेश रघुवंशी ने शताब्दी वर्ष के दौरान इंदौर विभाग में आयोजित कार्यक्रमों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मालवा प्रांत के प्रांत संघचालक डॉ. प्रकाश शास्त्री, विभाग संघचालक डॉ. मुकेश मोढ और मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रशांत शाह मंचासीन रहे। मुख्य अतिथि प्रशांत शाह ने राष्ट्र निर्माण में संघ के अनुशासन और देशभक्ति के महत्व को रेखांकित किया।

Related Articles

भारतीय संस्कृति में दुनिया को देने के लिए अभी बहुत कुछ बाकी: मोहन भागवत

शुकतीर्थ में वीतराग स्वामी कल्याण देव जी की पुस्तक ‘अभिनंदन’ के द्वितीय संस्करण का विमोचन; बोले- ज्ञान को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारा पुरुषार्थ

Nov 25, 2026

संघ का उद्देश्य राष्ट्रभक्त और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण करना: रामलाल

नागपुर में कार्यकर्ता विकास वर्ग-द्वितीय (विशेष) शुरू, देशभर से 500 कार्यकर्ता ले रहे प्रशिक्षण; 16 दिसंबर को होगा समापन

Nov 23, 2026

लोकमंथन 2026: जयपुर में 4 से 6 दिसंबर तक लोक संस्कृति का महाकुंभ

24 समानांतर सत्रों में होगा लोकविमर्श, रोमा-यजीदी समुदायों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

Nov 19, 2026

घोष वादन में दिखा अनुशासन और सामूहिकता का सामर्थ्य, डॉ. भागवत बोले- संस्कारित समाज से बनेगा महान देश

जोधपुर में संघ के चार दिवसीय प्रांत घोष शिविर ‘मरु निनाद 2026’ का समापन; 15 हजार से अधिक स्वयंसेवक और परिजन हुए सम्मिलित, घोषवादकों ने प्रस्तुतियों से मन मोहा

Nov 16, 2026

जयपुर में 501 कुंडीय संस्कार महायज्ञ, एक हजार विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त भारत का प्रण

राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े रहे मुख्य अतिथि, भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर लगाई गई प्रदर्शनी

Oct 31, 2026

भोपाल में आचार्य समयसागर जी महाराज से मिले मोहन भागवत, स्वावलंबन और समाज सेवा पर हुई चर्चा

करीब एक घंटे तक चातुर्मास स्थल पर रहे संघ प्रमुख, भोपाल में बन रहे जिनालय का भी किया अवलोकन

Oct 29, 2026