230 से अधिक शाखाओं के 7 हजार स्वयंसेवक एक परिसर में जुटे
By
वीएसके डेस्क
October 05, 2026
समाचार › संघ व विविध संगठन
जयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सांगानेर महानगर की ओर से सोमवार को भव्य शाखा संगम-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांगानेर महानगर की 230 से अधिक शाखाओं के करीब 7 हजार स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। एक ही परिसर में महानगर की सभी शाखाओं का एक साथ लगना आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।
शाखा संगम के लिए निर्धारित मैदान में प्रत्येक शाखा के लिए अलग-अलग स्थान तय किए गए थे। संबंधित शाखाओं के स्वयंसेवक अपने-अपने ध्वज के साथ निर्धारित स्थान पर एकत्र हुए और शाखा लगाई। एक ही परिसर में सांगानेर महानगर की विभिन्न शाखाओं का सामूहिक स्वरूप देखने को मिला।
कार्यक्रम में हरे कृष्णा मूवमेंट एवं अक्षय पात्र फाउंडेशन के वाइस प्रेसिडेंट अनंत शेष दास महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निंबाराम ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया।
अपने बौद्धिक संबोधन में क्षेत्र प्रचारक निंबाराम ने समाज में शाखाओं के योगदान को रेखांकित करते हुए स्वयंसेवकों से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संघ किसी का विरोधी नहीं है। इस देश को मानने वाले सभी लोग हमारे हैं।
शाखा संगम के दौरान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी शाखाओं में शारीरिक एवं बौद्धिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की सहभागिता से पूरे परिसर में सामूहिकता, अनुशासन और संगठनात्मक एकता का वातावरण नजर आया।
आयोजन के माध्यम से स्वयंसेवकों में संगठनात्मक एकता, आपसी समन्वय और सामूहिक सहभागिता के भाव को और मजबूत करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विभाग संघचालक रामकरण, विभाग सह संघचालक डी.डी. सिंह तथा विभाग प्रचारक लक्ष्मण सिंह सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।