Breaking News
VSK Foundation Jaipur Logo - विश्व संवाद केंद्र जयपुर
विश्व संवाद केंद्र, जयपुर ( VSK Foundation Jaipur )

एक संविधान, एक राष्ट्र: पाकिस्तान अधिक्रांत जम्मू कश्मीर और लद्दाख (गिलगित- बल्तिस्तान) (POTL) सच"

संविधान के अधिकारों से वंचित PoJK और गिलगित-बल्तिस्तान की जनता

By प्रीति शर्मा November 28, 2026
लेख › समसामयिक
एक संविधान, एक राष्ट्र: पाकिस्तान अधिक्रांत जम्मू कश्मीर और लद्दाख (गिलगित- बल्तिस्तान) (POTL) सच"
26 नवंबर 1949 को भारत का संविधान अपनाया गया। संविधान दिवस हमें याद दिलाता है कि संविधान किसी देश की केवल शासन व्यवस्था का दस्तावेज नहीं, वर्तमान की कसौटी है। तथा संवैधानिक अधिकार केवल कानूनी प्रावधान नहीं, बल्कि नागरिकों की गरिमा, समानता, न्याय और लोकतांत्रिक भागीदारी के आधार हैं। इनका प्रभाव जनता के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण पर पड़ता है। पाकिस्तान अधिक्रांत जम्मू कश्मीर (POJK) और लद्दाख (PoTL) (गिलगित-बल्तिस्तान) के क्षेत्रों कि व्यथा 1947 से आज तक इसी कसौटी पर परखा जा रहा है। भारत ने 2019 में अनुच्छेद 370 हटाकर जम्मू कश्मीर और लद्दाख को उनके वास्तविक अधिकार प्रदान किए, लेकिन पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (POJK) और गिलगित-बल्तिस्तान (PoTL) में आज भी लोग संविधान, जमीन और अधिकारों के लिए सड़कों पर हैं। इसे देखकर संविधान का किसी भी नागरिक के लिए महत्त्व क्या है वह स्वतः ही स्पष्ट होता है। भारत के जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) की जनता के संवैधानिक अधिकारों की स्थिति में महत्वपूर्ण अंतर रहा है। 5 अगस्त 2019 से पहले अनुच्छेद 370 के तहत भारतीय संविधान के प्रावधान पूर्व जम्मू कश्मीर राज्य में अपवादों और संशोधनों के साथ लागू होते थे। साथ ही एक ही संविधान के देश में दो विधान, दो प्रधान, और दो निशान एक विडंबना ही थी जो देश के नागरिकों के लिए दो प्रकार कि व्यवस्थाएं देकर इस राज्य के नागरिकों (गोरखा, महिलायें, पश्चिमी पाकिस्तानी रेफ्यूजी, तथा वाल्मीकि समाज) को उनके मूल अधिकारों से वंचित करती थी। 2019 के संवैधानिक परिवर्तनों के बाद भारतीय संविधान पूरी तरह लागू हुआ। इससे अनुच्छेद 14 (समानता), 19 (स्वतंत्रता), 21 (जीवन एवं व्यक्तिगत स्वतंत्रता), शिक्षा का अधिकार तथा अनुसूचित जाति, जनजाति और महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानूनी संरक्षणों का विस्तार हुआ। साथ ही, केंद्रीय कानूनों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध हुआ। PoJK और PoTL के निवासियों को भारतीय संविधान के तहत प्राप्त मौलिक अधिकारों, भारतीय न्यायिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं तक प्रत्यक्ष पहुँच प्राप्त नहीं है। पाकिस्तान के प्रशासनिक एवं संवैधानिक ढाँचे के अंतर्गत राजनीतिक प्रतिनिधित्व, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, स्थानीय स्वायत्तता और मानवाधिकारों से संबंधित सीमाओं पर संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय (OHCHR) ने भी चिंता व्यक्त की है। 29 सितंबर 2025 को पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (POJK) में जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के आह्वान पर शटर-डाउन और व्हील-जाम हड़ताल हुई। लोगों की मांगें कोई अलगाववादी नहीं थीं। वे 38 सूत्रीय मांगपत्र लेकर आए थे – जिनमें सस्ता आटा देने, मंगला परियोजना से सस्ती बिजली देने, पाकिस्तान में बसे शरणार्थियों के लिए आरक्षित सीटों को खत्म करने की मांगें थीं। जवाब में क्या मिला? इंटरनेट बंद, रास्ते बंद, और गोली। रिपोर्टों के अनुसार इस आंदोलन में कई नागरिक मारे गए और कई घायल हुए। यही कहानी गिलगित-बल्तिस्तान में जमीन के सवाल पर दोहराई जा रही है। 21 मई 2025 को गिलगित-बल्तिस्तान विधानसभा ने लैंड रिफॉर्म्स एक्ट 2025 पारित किया। सरकार ने कहा कि यह कानून नॉटोर रूल्स 1978 को खत्म कर जमीन जनता को लौटाएगा। लेकिन जनता का आरोप है कि इस कानून से नौकरशाही को जमीन बांटने का अधिकार मिल गया है। गिलगित, स्कर्दू, हुंजा, घिजर में महीनों तक विरोध हुआ। लोगों ने कहा कि पाकिस्तान इस क्षेत्र को बराबर के हिस्से की तरह नहीं, बल्कि एक कॉलोनी की तरह चला रहा है। अप्रैल 2026 में यही गुस्सा दियामेर-भाषा बांध पर फूटा। प्रभावित लोगों ने "हुकूक दो, डैम बनाओ" के नारे के साथ बाँध की रोयल्टी देने, दियामेर को मुफ्त बिजली देने, जमीन के मुआवजे और भर्ती जैसी 31 सूत्रीय मांगें रखीं। जब एक साल पुराना समझौता भी लागू नहीं हुआ, तो 6 अप्रैल 2026 को प्रदर्शनकारियों ने काराकोरम हाईवे को जाम कर दिया। एक बांध जो बिजली देगा, उसके नीचे रहने वाले लोग अंधेरे में हैं। गिलगित में कई इलाकों में 20 घंटे तक बिजली कटौती की गई। यह सब क्यों हो रहा है? पाकिस्तान के अपने सर्वोच्च न्यायालय ने भी इस सत्य को स्वीकार किया है। 28 मई 1999 को अल-जिहाद ट्रस्ट केस (PLD 1999 SC 57) में न्यायालय ने कहा कि उत्तरी क्षेत्रों के लोग "सभी उद्देश्यों के लिए पाकिस्तान के नागरिक हैं, लेकिन उन्हें मौलिक अधिकार प्राप्त नहीं हैं।" 17 जनवरी 2019 को सिविल एविएशन अथॉरिटी केस (PLD 2019 SC 357) में 7 न्यायाधीशों की पीठ ने माना कि "आजाद जम्मू-कश्मीर और गिलगित-बल्तिस्तान विवादित जम्मू-कश्मीर का हिस्सा हैं, लेकिन पूरी तरह पाकिस्तान के प्रशासनिक नियंत्रण में हैं।" इस प्रकार स्पष्ट है कि संविधान किसी देश के नागरिकों के अधिकारों, पहचान, न्याय और सम्मान का सुरक्षा कवच है। भारत के जम्मू-कश्मीर में भारतीय संविधान के पूर्ण विस्तार ने नागरिकों को समानता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, न्यायिक संरक्षण और लोकतांत्रिक भागीदारी के व्यापक संवैधानिक अधिकार उपलब्ध कराए हैं। इसके विपरीत, पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर और गिलगित-बल्तिस्तान के लोग आज भी भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त इन अधिकारों और संस्थागत संरक्षणों से वंचित हैं। इन क्षेत्रों की जनता के राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकार अनिश्चितता के बीच हैं। जमीन, बिजली, रोजगार, संसाधनों पर स्थानीय नियंत्रण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए वहां के आंदोलनों को इसी संवैधानिक अभाव के व्यापक संदर्भ में समझना होगा। भारत के अभिन्न अंग जम्मू-कश्मीर के वे नागरिक, जो पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले क्षेत्रों में रह रहे हैं, केवल भौगोलिक विभाजन के कारण भारत की संवैधानिक व्यवस्था, उसके न्यायिक संरक्षण और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रत्यक्ष लाभ से वंचित हैं। यह केवल क्षेत्रीय विवाद नहीं, बल्कि मानवाधिकार, नागरिक गरिमा और संवैधानिक न्याय का प्रश्न भी है। संविधान दिवस हमें याद दिलाता है कि किसी भी नागरिक की वास्तविक स्वतंत्रता तभी सुनिश्चित होती है, जब उसे अधिकार मांगने के लिए सड़कों पर अपनी जान जोखिम में न डालनी पड़े। संविधान की सार्थकता सत्ता की शक्ति में नहीं, बल्कि नागरिक के अधिकारों की सुरक्षा में निहित है।

Related Articles

तुम्हारी आस्था का कोई मूल्य नहीं, क्योंकि तुम हिन्दू हो?

हिन्दू धार्मिक स्थलों, परंपराओं और आस्थाओं से जुड़े विवाद आखिर कब तक? बहुसंख्यक समाज को अपनी सांस्कृतिक अस्मिता और अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा

Nov 25, 2026

सड़क कोई न्यायालय नहीं है

क्या यही नया चलन बनने जा रहा है कि जो भी राजधानी को ठप कर सके, वही हमारी संस्थाओं की शर्तें तय करे?

Nov 20, 2026

आंवला नवमी : पेड़ की छांव में छिपा है सर्दियों से लड़ने का आयुर्वेदिक विज्ञान

आंवला है प्रकृति का अमूल्य उपहार, च्यवनप्राश है आयुर्वेद का अनुपम रसायन

Nov 18, 2026

भगवान बिरसा मुंडा : स्वधर्म, स्वाभिमान और स्वाधिकार के अमर उद्घोषक

अंग्रेजी सत्ता, शोषण और सांस्कृतिक विस्मृति के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित करने वाले बिरसा मुंडा ने धर्म-जागरण को सामाजिक सुधार और अधिकारों के संघर्ष से जोड़ा। उनका जीवन केवल एक राजनीतिक विद्रोह की कथा नहीं, बल्कि अपनी परंपरा, प्रकृति और अस्मिता के प्रति जागृत समाज के निर्माण का प्रेरक अध्याय है।

Nov 15, 2026