Breaking News
VSK Foundation Jaipur Logo - विश्व संवाद केंद्र जयपुर
विश्व संवाद केंद्र, जयपुर ( VSK Foundation Jaipur )

गोबर-पराली से बनी 'गोमय समिधा' को राष्ट्रीय पेटेंट, हर साल बचेंगे 2 करोड़ पेड़

जयपुर के डॉ. सीताराम गुप्ता और अदिति गुप्ता की पहल को केंद्र से 15 लाख की ग्रांट; एमएनआईटी के वैज्ञानिकों ने तकनीकी मानकों को दिया प्रमाणन, 11 मोक्षधामों में निशुल्क हो रहे अंतिम संस्कार

By वीएसके डेस्क November 05, 2026
समाचार › राजस्थान विविध
गोबर-पराली से बनी 'गोमय समिधा' को राष्ट्रीय पेटेंट, हर साल बचेंगे 2 करोड़ पेड़
जयपुर। पराली जलाने से उठने वाला धुआं और अंतिम संस्कार के लिए पेड़ों की कटाई... पर्यावरण के सामने खड़ी इन दो बड़ी चुनौतियों का समाधान अब गाय के गोबर और पराली से तैयार 'गोमय समिधा' के रूप में सामने आया है। जयपुर के डॉ. सीताराम गुप्ता और अदिति गुप्ता की इस पहल को राष्ट्रीय पेटेंट मिल गया है। इस तकनीक के व्यापक उपयोग से हर साल करीब 2 करोड़ पेड़ों को कटने से बचाया जा सकेगा और 90 लाख टन कार्बन डाईऑक्साइड उत्सर्जन रोकने में मदद मिल सकती है। अभियान को भारत सरकार की ओर से 15 लाख रुपए की ग्रांट भी मिली है। कोरोना काल में लकड़ियों की कमी के कारण अंतिम संस्कार में आई मुश्किलों ने डॉ. सीताराम गुप्ता और अदिति गुप्ता को इसका विकल्प तलाशने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने देसी गाय के गोबर, पराली और वैदिक हवन सामग्री को मिलाकर लकड़ी का जैविक विकल्प तैयार किया। इसे 'गोमय समिधा' नाम दिया गया। खास बात यह है कि इसके उत्पाद और निर्माण प्रक्रिया, दोनों को राष्ट्रीय पेटेंट मिला है।

लकड़ी की जगह गोमय समिधा से वैदिक संस्कार

पारंपरिक दाह संस्कार में एक शव के लिए करीब 400 से 500 किलो लकड़ी की जरूरत होती है। गोमय समिधा इस लकड़ी का विकल्प बन सकती है। इससे वैदिक रीति से अंतिम संस्कार संपन्न किया जाता है। इसके उपयोग से वातावरण में हवन जैसी सुगंध भी फैलती है। इस पहल का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को बनाए रखते हुए पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

नीरी के साथ विकसित की नेट जीरो चिमनी

इस अभियान को वैज्ञानिक आधार देने के लिए सीएसआईआर-नीरी, नागपुर का सहयोग मिला है। नीरी और गोमय परिवार ने मिलकर विशेष फिल्टर चिमनी तैयार की है। इसका उद्देश्य अंतिम संस्कार के दौरान निकलने वाली सूक्ष्म राख और कार्बन कणों को अवशोषित कर प्रदूषण कम करना है। इसे नेट जीरो मोक्षधाम की अवधारणा के तहत विकसित किया गया है।

एमएनआईटी ने जांचे तकनीकी और लैब मानक

गोमय समिधा के तकनीकी परीक्षण और लैब मानकों को प्रमाणित करने में एमएनआईटी के एमआईआईसी हेड प्रो. मोनिका शर्मा और डॉ. संजय गौड़ का सहयोग रहा। पेटेंट की कानूनी और तकनीकी प्रक्रिया में रोहित जैन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारत सरकार के उपक्रम नियाम के निवर्तमान निदेशक डॉ. रमेश मित्तल और सीईओ रवि गोयल के प्रयासों से इस अभियान को 15 लाख रुपए की सहायता ग्रांट मिली। वहीं, को-फाउंडर एवं उद्योगपति योगेश मित्तल, सेव्यम हिम्स के निदेशक राजा मुकीम और मुख्य सलाहकार डॉ. पीएम भारद्वाज ने इसे धरातल पर उतारने में सहयोग किया।

जयपुर के 11 मोक्षधामों में निशुल्क संस्कार

इस पहल को जयपुर में प्रयोग के तौर पर शुरू किया गया। नगर निगम जयपुर के साथ एमओयू के तहत 11 मोक्षधाम गोद लिए गए हैं। यहां अब तक हजारों अंतिम संस्कार गोमय समिधा से निशुल्क संपन्न कराए जा चुके हैं। इस मॉडल के जरिए पर्यावरण संरक्षण के साथ आमजन को आर्थिक राहत देने का भी प्रयास किया जा रहा है। डॉ. सीताराम गुप्ता के अनुसार, यह पेटेंट केवल एक उत्पाद की उपलब्धि नहीं, बल्कि गो-सेवा, सनातन परंपरा और आधुनिक विज्ञान के समन्वय का परिणाम है। उनका कहना है कि जब आस्था पर्यावरण संरक्षण का माध्यम बनती है, तो समाज की भागीदारी से बड़े बदलाव संभव होते हैं।

Related Articles

बिरसा मुंडा ने संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अंग्रेजों से लिया था लोहा: विपुल भाई पटेल

उदयपुर में जनजातीय गौरव दिवस पर वीर नायकों के संघर्ष और बलिदान को किया याद, वक्ता बोले- जनजातीय समाज राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण स्तंभ

Nov 25, 2026

116 बेटियों का सामूहिक विवाह बना सामाजिक एकता की मिसाल, राज्यपाल ने दिया शिक्षा और नशामुक्ति का संदेश

रूपवास में सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, बोले- शादियों में दिखावे के बजाय बच्चों की शिक्षा और भविष्य पर खर्च करें पैसा

Nov 21, 2026

लोकमंथन भारतीय ज्ञान परंपरा और लोकजीवन के विमर्श का राष्ट्रीय मंच : जे. नंदकुमार

लोक और शास्त्र भारतीय चेतना के दो अभिन्न पक्ष, इन्हें अलग-अलग मानना पश्चिमी विचार | 4 से 6 दिसंबर तक जयपुर के जवाहर कला केंद्र में होगा लोकमंथन-2026

Nov 20, 2026

रेजांगला की बर्फ में मिला था जोधपुर के वीर का पार्थिव शरीर, अंतिम सांस तक दुश्मन से लड़ते रहे मेजर शैतान सिंह

1962 के भारत-चीन युद्ध में 18 हजार फीट की ऊंचाई पर दिखाई थी अदम्य वीरता; मरणोपरांत मिला परमवीर चक्र, शहादत को नमन करने के लिए आज जोधपुर में होंगे श्रद्धांजलि कार्यक्रम

Nov 18, 2026

अलवर में 11वीं के छात्र का अपहरण कर कलमा पढ़वाने और धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव, मारपीट का वीडियो वायरल

दो सहपाठियों के बुलावे पर निकला था छात्र; 15-20 युवकों ने घेरकर पीटा, विद्यालय में उपहास से आहत होकर दी आत्महत्या की चेतावनी

Nov 05, 2026

जयपुर में बनेगा देश का पहला हाईटेक स्काईडोम, 360 डिग्री प्रोजेक्शन से बदलेगी पूरी दुनिया

कूकस में 60 मीटर चौड़ा और 21 मीटर ऊंचा होगा डोम, एक साथ 5 हजार से अधिक मेहमानों की क्षमता; बिना पिलर के एयर सपोर्टेड मेम्ब्रेन तकनीक से हो रहा निर्माण

Nov 01, 2026