एकता और राष्ट्रीयता के भाव को बढ़ाना होगा; “हिंदुत्व ही विश्वबंधुत्व की आधारशिला”- जसवंत खत्री
जयपुर में 88 विराट हिंदू सम्मेलनों का सफल आयोजन, सामाजिक समरसता व पर्यावरण संरक्षण पर बल
By
चंद्रशेखर
February 09, 2026
समाचार
‘पंच-परिवर्तन’ के तहत सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, स्वदेशी उत्पाद एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय प्रमुख रहे।
जयपुर|8 फरवरी |मानसरोवर क्षेत्र के कमला नेहरू नगर बस्ती में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में रामेश्वर धाम बालाजी मंदिर से निकाली गई कलश यात्रा में 1500 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया, जो सामाजिक समरसता का प्रतीक बनी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह जसवंत खत्री मुख्य वक्ता थे, जिन्होंने हिंदू समाज की एकता पर जोर देते हुए कहा, “हिंदुत्व ही रखेगा विश्वबंधुत्व की आधारशिला तथा भारत आने वाले समय में पूरे विश्व को राह दिखायेगा”।
सम्मेलन में ‘पंच-परिवर्तन’ पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बनाया, जिनमें सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों, स्वदेशी और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय प्रमुख थे। विख्यात भजन गायक प्रकाश माली ने भी भजन गायन से श्रद्धालुओं का मन बाँधा। स्थानीय नागरिक भगवा झंडों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता करते दिखे एवं आयोजन के लिए प्रभात फेरी निकाली गई।
महारानी फार्म क्षेत्र हिन्दू सम्मलेन में प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण का संकल्प दिलाया
महारानी फार्म क्षेत्र में रविवार को पर्यावरण संरक्षण को समर्पित विशेष हिन्दू सम्मेलन आयोजित किया गया। प्रमुख वक्ताओं ने प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने और सार्वजनिक व निजी जीवन में स्वच्छता का पालन करने की अपील की। इस दौरान नगर परिषद एवं स्थानीय पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने मिलकर पौधारोपण अभियान चलाया और कचरा प्रबंधन पर चर्चा की। नारी शक्ति मंच की डॉ. अंजलि धाबाई ने ‘पर्यावरण संरक्षण’ पर जोर देते हुए कहा कि हमें एकजुट होकर स्वच्छ-हरित जयपुर का निर्माण करना है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में पारंपरिक लोकनृत्य और भक्ति गीतों ने सभा को रंगारंग बनाया।
आमेर पीली की तलैया ; दहेजमुक्त विवाह करने वाले परिवारों का सम्मान
आमेर स्थित पीली की तलैया मे 1100 महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश लेकर क्षेत्र की गलियों से होते हुए मुख्य मंदिर प्रांगण में पहुंचीं, जहाँ सामूहिक पूजा-अर्चना हुई। समारोह में दहेज-मुक्त विवाह करने वाले परिवारों का विशेष सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि दहेज प्रथा से समाज में उत्पन्न विषमता को दूर कर समानता को बढ़ावा देना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुति के रूप में जयपुर के लोक संगीत पर नृत्य-गायन हुआ, जिसने भक्तिमय माहौल को और भी ऊर्जावान बना दिया।
मौजी कॉलोनी में आयोजित सम्मेलन में वीरगति को प्राप्त सैनिकों के परिवारों का सम्मान
मौजी कॉलोनी (करधनी) में आयोजित सम्मेलन में वीरगति को प्राप्त सैनिकों के परिवारों, पर्यावरण सेवकों तथा गौ-सेवकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक शोभा यात्रा से हुई, जिसमें बच्चों ने देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किए। मुख्य वक्ता ने देशभक्ति और समाजसेवा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह सम्मान वीरों के बलिदान और समाज के समर्पित सेवाकार्यों को मान्यता देने का प्रयास है। सभा का समापन सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन और ‘वन्दे मातरम्’ के गायन के साथ हुआ।
ब्रह्मपुरी क्षेत्र हिन्दू सम्मेलन में प्रत्येक घर में तुलसी के पौधे लगाने व स्वच्छता एवं स्वास्थ्य की शपथ दिलाई।
ब्रह्मपुरी क्षेत्र में आयोजित एक भव्य तुलसी यात्रा में करीब 1500 महिलाओं ने भाग लिया। यह शोभायात्रा स्थानीय मंदिर से आरंभ होकर मंदिर प्रांगण में पूजन-अर्चना के साथ समाप्त हुई। आयोजन में प्रत्येक घर में तुलसी के पौधे लगाने व स्वच्छता एवं स्वास्थ्य की शपथ दिलाई।
सभा में मुख्य वक्ता प्रशांत कुमार, जयपुर विभाग प्रचारक ने हिन्दू समाज की परिवार और पर्यावरण-संरक्षण को जोड़ने वाली परंपराओं पर प्रकाश डाला। बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर इस आयोजन को उल्लासमय बनाया।
तीन या उससे अधिक बच्चों वाली वीर माताओं, संयुक्त परिवारों, सामाजिक समरसता के लिए कार्य करने वाले सेवाभावी कार्यकर्ताओं का सम्मान
दादूदयाल नगर में आयोजित हुए विराट हिन्दू सम्मेलन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं परिवारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर 96 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, तीन या उससे अधिक बच्चों वाली वीर माताओं, संयुक्त परिवारों, सामाजिक समरसता के लिए कार्य करने वाले सेवाभावी कार्यकर्ताओं, पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय नागरिकों तथा समाजसेवी भामाशाहों का सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया।