Breaking News
VSK Foundation Jaipur Logo - विश्व संवाद केंद्र जयपुर
विश्व संवाद केंद्र, जयपुर ( VSK Foundation Jaipur )

दीपथून पर दीप जलाने से रोकने पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, तमिलनाडु के 18 अधिकारियों को अवमानना नोटिस

28 नवंबर को सीआरपीएफ की सुरक्षा में दीप प्रज्वलित करने का आदेश, मंदिर न्यासी मंडल निलंबित; दो पूर्व न्यायाधीशों को सौंपी व्यवस्था, 15 दिसंबर को फिर होगी सुनवाई

By वीएसके डेस्क November 28, 2026
समाचार › देश-विशेष
दीपथून पर दीप जलाने से रोकने पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, तमिलनाडु के 18 अधिकारियों को अवमानना नोटिस
नई दिल्ली। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम प्रज्वलित करने को लेकर चल रहा विवाद अब सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंच गया है। न्यायालय के पूर्व आदेश के बाद भी निर्धारित स्तंभ पर दीप नहीं जलाए जाने को गंभीरता से लेते हुए शीर्ष अदालत ने राज्य प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई है। न्यायालय ने 28 नवंबर को दीपथून पर सीआरपीएफ की सुरक्षा में दीप प्रज्वलित कराने का निर्देश दिया है। साथ ही मंदिर के न्यासी मंडल को निलंबित कर मद्रास उच्च न्यायालय के दो पूर्व न्यायाधीशों को व्यवस्था संभालने के लिए नियुक्त किया है। इस प्रकरण में तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, मदुरै के जिलाधिकारी सहित 18 अधिकारियों को न्यायालय की अवमानना का नोटिस जारी किया गया है। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि उसके आदेशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। अधिकारियों को अपने संवैधानिक दायित्वों का पालन करना होगा, न कि राजनीतिक दबाव में निर्णय लेना होगा।

आदेश के बाद भी नहीं जला दीप, प्रशासन पर उठे सवाल

विवाद की शुरुआत 20 नवंबर को हुई, जब सर्वोच्च न्यायालय ने कार्तिगई दीपम उत्सव के अवसर पर 24 नवंबर को पहाड़ी पर स्थित दीपथून नामक पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की एक बार अनुमति दी थी। न्यायालय ने इसके लिए मंदिर प्रशासन की अधिकृत टोली गठित करने और जिला प्रशासन को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण तथा पुलिस के सहयोग से आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया था। हालांकि, तमिलनाडु सरकार ने अगले ही दिन इस आदेश पर पुनर्विचार याचिका दाखिल कर दी। सरकार का तर्क था कि दीपथून कोई पारंपरिक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि अंग्रेजी शासन के समय का सर्वेक्षण स्तंभ है। 24 नवंबर को निर्धारित स्थान पर दीप नहीं जलाया गया। इसके स्थान पर उचि पिल्लैयार मंदिर के निकट परंपरागत स्थान पर ही दीप प्रज्वलित किया गया। इस घटना के बाद भाजपा और विभिन्न हिंदू संगठनों ने विरोध जताया। पहाड़ी के निकट प्रदर्शन हुए और पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति भी बनी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन को घर में ही रोक दिया गया, जबकि कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

राजनीतिक आदेश मानने पर न्यायालय की कड़ी टिप्पणी

25 नवंबर को राज्य सरकार ने न्यायालय में दीप नहीं जलाए जाने के लिए खेद जताया। सरकार की ओर से कहा गया कि प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्था की थी, लेकिन मंदिर के न्यासी मंडल ने अधिकृत दल को दीपथून तक जाने की अनुमति नहीं दी और परंपरागत स्थान पर ही दीप जलाने का निर्णय लिया। 27 नवंबर की सुनवाई में सर्वोच्च न्यायालय ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ा रुख अपनाया। न्यायालय ने अधिकारियों की भूमिका पर प्रश्न उठाते हुए कहा कि उसके स्पष्ट निर्देश का जानबूझकर पालन नहीं किया गया। न्यायालय ने यह भी टिप्पणी की कि अधिकारियों ने न्यायालय के आदेश के स्थान पर अपने राजनीतिक आकाओं के निर्देशों को महत्व दिया। ऐसी स्थिति संवैधानिक व्यवस्था के लिए गंभीर है। इसके बाद न्यायालय ने 28 नवंबर को दीपथून पर दीप प्रज्वलित कराने का निर्देश दिया। मंदिर के न्यासी मंडल को निलंबित करते हुए मद्रास उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश एस. वैद्यनाथन और वी. पार्थिबन को रिसीवर नियुक्त किया गया। मंदिर की व्यवस्था अब उनकी देखरेख में रहेगी। पहाड़ी पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीआरपीएफ को दायित्व सौंपा गया है।

विहिप ने निर्णय को बताया सनातन आस्था की जीत

विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला न्यायपालिका की प्रतिष्ठा, कानून के शासन और करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक आस्था की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आलोक कुमार ने कहा कि 20 नवंबर को स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बाद भी 24 नवंबर को दीपथून पर दीप नहीं जलने देना न्यायपालिका के आदेशों को चुनौती देने जैसा था। कोई भी सरकार अथवा अधिकारी कानून से ऊपर नहीं हो सकता। उन्होंने आशा जताई कि राज्य सरकार इस घटनाक्रम से सीख लेकर न्यायालय के निर्देशों का पालन करेगी।

Related Articles

संविधान दिवस पर 22 अनुसूचित भाषाओं में संविधान के अद्यतन संस्करणों का विमोचन

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने विज्ञान भवन में किया विमोचन, कहा- भाषाई विविधता और लोकतांत्रिक समावेशिता का उत्सव है यह पहल

Nov 27, 2026

2035 तक दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है इस्लाम, ईसाई धर्म दूसरे स्थान पर पहुंचेगा

प्यू रिसर्च सेंटर का नया अनुमान: 2035 में मुस्लिम आबादी 257 करोड़ और ईसाई आबादी 252 करोड़ होगी; 2070 तक दुनिया की 36% आबादी मुस्लिम होने का अनुमान

Nov 19, 2026

10.22 करोड़ घरों तक पहुंचे संघ के कार्यकर्ता, देश में 1.03 लाख स्थानों पर प्रत्यक्ष संघ कार्य

शताब्दी वर्ष में 4.93 करोड़ लोगों की सहभागिता से हुए 65 हजार से अधिक हिंदू सम्मेलन; एक साल में 12 हजार से ज्यादा दैनिक शाखाएं बढ़ीं, इंदौर में अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक संपन्न

Nov 05, 2026