नई दिल्ली। मध्यप्रदेश और राजस्थान के सीमावर्ती जिलों से नाबालिग बालिकाओं की खरीद-फरोख्त कर उन्हें महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में देह व्यापार में धकेलने का कथित मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, गरीबी और दूसरी सामाजिक-आर्थिक मजबूरियों का फायदा उठाकर बिचौलिए बालिकाओं को उनके माता-पिता से 3 लाख से 5 लाख रुपये तक में खरीदते हैं। बाद में इन्हें 35 लाख से 40 लाख रुपये तक में बेच दिया जाता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने स्वत: संज्ञान लिया है।
गोद लेने के फर्जी दस्तावेजों से करते हैं पहचान छिपाने का खेल
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बिचौलिए नाबालिग बालिकाओं को गोद लिया हुआ बच्चा दर्शाने वाले फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरे राज्यों में ले जाते हैं। इस प्रक्रिया में उनकी वास्तविक पारिवारिक पहचान छिपा दी जाती है। आरोप है कि बालिकाओं के वयस्क होने पर उनकी व्यक्तिगत जानकारी में भी बदलाव कर दिया जाता है, ताकि उनकी असली पहचान सामने न आ सके। इसके बाद उन्हें महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में देह व्यापार के लिए बेच दिया जाता है।
तीन राज्यों के अधिकारियों को दो सप्ताह में देनी होगी रिपोर्ट
एनएचआरसी ने कहा है कि यदि मीडिया रिपोर्ट में दी गई जानकारी सही है तो यह बालिकाओं के मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। आयोग ने मामले में मध्यप्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के मुख्य सचिवों तथा तीनों राज्यों के पुलिस महानिदेशकों को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
बिचौलियों से लेकर फर्जी दस्तावेज बनाने वालों तक जांच जरूरी
मामले में बालिकाओं की कथित खरीद-फरोख्त करने वाले बिचौलियों, फर्जी गोद लेने के दस्तावेज तैयार करने वालों और उन्हें एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने वाले नेटवर्क की भूमिका की जांच महत्वपूर्ण होगी। साथ ही पीड़ित बालिकाओं की पहचान, उनकी बरामदगी और पुनर्वास भी बड़ी चुनौती है। अब आयोग के नोटिस के बाद तीनों राज्यों की पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर नजर रहेगी।