लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में कन्वर्जन, यौन शोषण और महिला कर्मचारियों के उत्पीड़न का मामला अब संस्थान के कई विभागों तक फैलता नजर आ रहा है। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की 25 अगस्त 2026 को शासन को सौंपी गई जांच रिपोर्ट में 29 पुरुषों का उल्लेख है। इनमें 16 डॉक्टर, प्रोफेसर और फैकल्टी सदस्य बताए गए हैं। रिपोर्ट में 12 महिलाओं को विभिन्न मामलों में पीड़ित बताया गया है। जांच में पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, रेडियोलॉजी और गांधी वार्ड से जुड़ी शिकायतों के साथ कुछ वरिष्ठ डॉक्टरों और अधिकारियों पर शिकायतों को दबाने तथा आरोपितों को संरक्षण देने के आरोप भी सामने आए हैं।
इस मामले में पैथोलॉजी विभाग के रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. रमीजुद्दीन उर्फ रमीज मलिक का प्रकरण सबसे चर्चित है। उस पर महिला डॉक्टरों को प्रेमजाल में फंसाकर यौन शोषण करने, निजी वीडियो से ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप है। उसे 9 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया था।
चार विभागों की शिकायतें एसटीएफ जांच में शामिल
एसटीएफ की रिपोर्ट में केजीएमयू के अलग-अलग विभागों में महिला डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और संविदा कर्मचारियों से जुड़ी शिकायतों का उल्लेख है। पैथोलॉजी विभाग में डॉ. रमीज के अलावा डॉ. मोहम्मद आदिल का मामला भी सामने आया है। आदिल पर शादी का झांसा देकर नर्सिंग स्टाफ की हिन्दू महिला कर्मचारी का यौन शोषण करने का आरोप है।
माइक्रोबायोलॉजी विभाग में संविदा पर कार्यरत एक हिन्दू महिला कंप्यूटर ऑपरेटर ने उत्पीड़न और निकाह के लिए दबाव बनाने की शिकायत की थी। आरोप है कि विरोध करने और शिकायत करने के बाद उसका संविदा अनुबंध समाप्त कर दिया गया।
रेडियोलॉजी विभाग में भी दो हिन्दू महिला रेजिडेंट डॉक्टरों की शिकायतों का उल्लेख है। वहीं गांधी वार्ड में नर्सिंग कर्मचारियों से जुड़े मामलों में शादी और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोपों की जांच की गई। रिपोर्ट में कुछ मामलों में शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने और हिन्दू पीड़िताओं को प्रभावित करने की कोशिशों का भी उल्लेख है।
‘इस्लामिक मेडिकोज’ समूह की गतिविधियां भी जांच के घेरे में
एसटीएफ ने अपनी जांच में ‘इस्लामिक मेडिकोज’ नाम के समूह का भी उल्लेख किया है। रिपोर्ट के अनुसार, इस समूह के संपर्क केजीएमयू लखनऊ और आगरा के सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज के वर्तमान एवं पूर्व विद्यार्थियों तथा चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों तक थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, रमीजुद्दीन ने वर्ष 2012 में आगरा में अपने वरिष्ठ साथी व दिल्ली बूम धमाकों के आरोपी परवेज के साथ मिलकर इस समूह की शुरुआत की थी। जांच में समूह के सदस्यों के बीच संपर्क और धार्मिक विचारधारा के प्रचार से जुड़ी गतिविधियों की पड़ताल की गई। एसटीएफ रिपोर्ट में एक पूर्व फैकल्टी सदस्य पर विवादित इस्लामी उपदेशक जाकिर नाइक की विचारधारा का प्रचार करने का आरोप भी दर्ज है।
रिपोर्ट में वर्ष 2013 में केजीएमयू के जिम भवन के दूसरे तल पर प्रार्थना स्थल बनाए जाने और वहां बाहरी मौलानाओं को बुलाए जाने का भी उल्लेख है।
शिकायतें दबाने में वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका पर सवाल
एसटीएफ रिपोर्ट में कुछ वरिष्ठ डॉक्टरों, फैकल्टी सदस्यों और प्रशासनिक अधिकारियों पर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं करने, आरोपितों को संरक्षण देने और पीड़िताओं पर दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं। रिपोर्ट में ऐसे मामलों की प्रशासनिक स्तर पर जांच करने की जरूरत भी बताई गई है। इस तरह जांच का दायरा व्यक्तिगत उत्पीड़न के मामलों से आगे बढ़कर संस्थान की जवाबदेही तक पहुंच गया है।