“गुरु तेग बहादुर के बलिदान से टूटे औरंगजेब के मंसूबे, धर्म की रक्षा के लिए शहादत की मिसाल बने”: डॉ. कृष्ण गोपाल
गुरु नानकदेव ने विविधताओं के बीच एकत्व का भाव जगाया, इसी परंपरा में गुरु तेग बहादुर ने धर्म की रक्षा के लिए दिया बलिदान
By
चंद्रशेखर
September 22, 2026
समाचार › राजस्थान विविध
जयपुर, 21 सितंबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि औरंगजेब की सोच थी कि भारतीयों को कष्ट देकर और सताकर वे अपना धैर्य खो देंगे तथा धर्म छोड़ देंगे, लेकिन गुरु तेग बहादुर के बलिदान ने उसके सभी मंसूबों को विफल कर दिया। गुरुजी के सामने उनके शिष्यों को एक-एक कर यातनाएं देकर शहीद किया गया, लेकिन वे अपने धर्म और संकल्प से विचलित नहीं हुए।
डॉ. कृष्ण गोपाल सोमवार को राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर में श्री गुरु गोविंदसिंह चेयर फॉर नेशनल इंटीग्रेशन एंड सिख स्टडीज तथा भारतीय अभ्युत्थान समिति, राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित व्याख्यान को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे।
गुरुजी के सामने शिष्यों को किया शहीद, लेकिन संकल्प से नहीं डिगे
डॉ. कृष्ण गोपाल ने गुरु तेग बहादुर की शहादत का प्रसंग बताते हुए कहा कि दिल्ली में जहां आज शीशगंज गुरुद्वारा है, वहीं गुरुजी की शहादत हुई। उनके सामने भाई मतीदास, भाई सतीदास और भाई दयाला को एक-एक कर शहीद किया गया। औरंगजेब को उम्मीद थी कि अपने साथियों को इस तरह कष्ट में मरते देखकर गुरुजी विचलित हो जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि गुरुजी का शीश भाई जैता आनंदपुर साहिब लेकर पहुंचे, जबकि लखी शाह बंजारा ने गुरुजी के शरीर का संस्कार अपने घर को ही अग्नि देकर किया। उन्होंने कहा कि यह केवल शहादत की घटना नहीं, बल्कि धर्म और सिद्धांत के लिए अडिग रहने की असाधारण इच्छाशक्ति का उदाहरण है।
गुरु नानकदेव ने देशभर में जगाया एकत्व का भाव
डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि गुरु तेग बहादुर के बलिदान को समझने के लिए गुरु नानकदेव से शुरू हुई उस परंपरा को समझना होगा, जिसने समाज को आध्यात्मिक आधार पर एकजुट करने का प्रयास किया। गुरु नानकदेव ने देश के विभिन्न हिस्सों की यात्राएं कीं और लोगों को भक्ति, प्रेम, करुणा, सहिष्णुता तथा मिल-जुलकर रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि गुरु नानकदेव जहां भी गए, वहां लोगों को यह संदेश दिया कि परिश्रम से काम करो, ईमानदारी और सत्यनिष्ठा से जीवन जियो, भगवान के प्रति भक्ति रखो और सभी के भीतर एक ही ईश्वर को देखो। उनके साथ भाई लालो और भाई मरदाना जैसे साथी रहते थे। भजन-कीर्तन के माध्यम से लोगों को जोड़ा गया और आगे चलकर यही मिल-बैठने की परंपरा गुरुद्वारों और लंगर की परंपरा के रूप में विकसित हुई।
जाति, भाषा और क्षेत्र की विविधताओं के ऊपर एकता का संदेश
उन्होंने कहा कि भारत में अनेक भाषाएं, जातियां, परंपराएं और सामाजिक विविधताएं हैं, लेकिन इनके भीतर एक गहरी आध्यात्मिक एकता है। गुरु नानकदेव ने इसी एकत्व को सामने लाने का प्रयास किया। विविधता बाहर की है, जबकि भीतर की एकता स्थायी है। जब एकत्व और प्रेम का भाव आता है तो संघर्ष अपने आप समाप्त होने लगता है।
डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि गुरु नानकदेव ने जाति, वर्ण, छोटे-बड़े, अमीर-गरीब, शिक्षित-अशिक्षित और अलग-अलग क्षेत्रों के भेद से ऊपर उठकर सभी के भीतर एक ही ईश्वर की ज्योति देखने का संदेश दिया। उन्होंने सामाजिक बुराइयों और भेदभाव को दूर करने का भी आह्वान किया।
धार्मिक साधना का उद्देश्य मन को निर्मल बनाना
उन्होंने कहा कि गुरु नानकदेव ने अनावश्यक कर्मकांडों से अधिक उसके पीछे छिपे आध्यात्मिक उद्देश्य पर जोर दिया। माला जपना, भजन-कीर्तन, तीर्थ यात्रा या पूजा—इन सभी का अंतिम उद्देश्य मन को निर्मल करना है। मन से घृणा, लोभ, असत्य और क्रूरता दूर हो तथा सभी के प्रति प्रेम का भाव पैदा हो, यही आध्यात्मिक साधना का उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि इसी आध्यात्मिक जागरण की परंपरा में गुरु हरगोविंद ने धर्म की रक्षा का संकल्प लिया और आगे गुरु तेग बहादुर ने धर्म की रक्षा के लिए आत्मबलिदान दिया। इसी कारण गुरु तेग बहादुर को ‘हिंद की चादर’ कहा जाता है।
गुरुजनों की शिक्षाओं को जीवन में उतारने का आह्वान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रूपिंदर सिंह ने गुरुजनों की शिक्षाओं को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने गुरु तेग बहादुर की करुणा और प्रेम के सिद्धांतों के माध्यम से सामाजिक समरसता और एकता को मजबूत करने पर बल दिया।
विशिष्ट अतिथि राजस्थान विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. अल्पना कटेजा ने गुरु परंपरा को भारत की महान विरासत बताते हुए विश्व एकता के लिए गुरुजनों की शिक्षाओं के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से हुई। इस अवसर पर गुरु तेग बहादुर के जीवन पर आधारित संक्षिप्त एनिमेटेड डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के अंत में भारतीय अभ्युत्थान समिति के अध्यक्ष डॉ. रमेश चंद्र अग्रवाल ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।