संतश्री पुलक सागर से मिले डॉ. मोहन भागवत, सामाजिक एकता और समरसता पर हुई गहन चर्चा
आचार्यश्री ने कहा- सामाजिक समरसता मजबूत करने में संघ की भूमिका अहम
By
वीएसके डेस्क
September 15, 2026
समाचार › राजस्थान विविध
भीलवाड़ा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने राजस्थान के तीन दिवसीय प्रवास के दौरान मंगलवार को भीलवाड़ा पहुंचकर राष्ट्रसंत मनोज्ञाचार्य श्री पुलक सागर जी महाराज से भेंट की। दोनों के बीच करीब 40 मिनट तक राजनीति से इतर सामाजिक एकता, समरसता, समाज सुधार, गौ सेवा, मतांतरण तथा धर्म-संस्कृति जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा और मंथन हुआ।
भेंट के दौरान डॉ. मोहन भागवत ने आचार्यश्री का पाद प्रक्षालन कर वंदन-अभिनंदन किया। आचार्यश्री ने उन्हें आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका अहम है।
आचार्यश्री ने डॉ. भागवत को भेंटस्वरूप ॐ की प्रतिकृति एवं एक पुस्तक प्रदान की। इस अवसर पर डॉ. मोहन भागवत ने इंदौर की सरोज शाह द्वारा आचार्य पुलक सागर के प्रेरणादायी जीवन पर लिखित पुस्तक ‘एक और मुक्तिदूत’ का विमोचन किया।
इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय अधिकारी अरुण जैन, क्षेत्र प्रचारक निंबाराम, मुरलीधर तथा श्री पुलक सागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।