Breaking News
VSK Foundation Jaipur Logo - विश्व संवाद केंद्र जयपुर
विश्व संवाद केंद्र, जयपुर ( VSK Foundation Jaipur )

मैं’ से ‘हम’ की यात्रा ही भारत के चिंतन का मूल भाव : हनुमान सिंह

हम भारत के लोग विषयक हस्तीमल व्याख्यानमाला सम्पन्न

By वीएसके डेस्क September 14, 2026
समाचार › राजस्थान विविध
मैं’ से ‘हम’ की यात्रा ही भारत के चिंतन का मूल भाव :  हनुमान सिंह
उदयपुर। पाथेय कण संस्थान, विश्व संवाद केंद्र एवं रवींद्रनाथ टैगोर आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, उदयपुर संयुक्त तत्वावधान में हस्तीमल व्याख्यानमाला के अंतर्गत ‘हम भारत के लोग’ विषय पर व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़ रहे। अध्यक्षता पाथेय कण संस्थान के अध्यक्ष एवं हरिदेव जोशी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो नंदकिशोर पांडे ने की। मुख्य वक्ता हनुमान सिंह राठौड़ ने कहा कि आज दुनिया के सामने यह प्रश्न महत्वपूर्ण बन गया है कि ‘हम कौन हैं?’ राष्ट्रीय पहचान को लेकर जिस प्रकार का संकट दिखाई दे रहा है, उस पर गंभीर चिंतन की आवश्यकता है। भारत के संदर्भ में भी हमें विचार करना होगा कि ‘मैं’ से ‘हम’ कैसे बने और ‘हम’ की अनुभूति का आधार क्या है! उन्होंने भारतीय दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि उपनिषदों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि संसार में दिखाई देने वाली प्रत्येक वस्तु में ईश्वर के अंश को देखने की दृष्टि प्रदान करती है। त्यागपूर्ण जीवन और समष्टि के प्रति संवेदनशीलता से ही ‘मैं’ से ‘हम’ की यात्रा प्रारंभ होती है। राठौड़ ने कहा कि भारत का चिंतन केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार, समाज और संपूर्ण विश्व को एक इकाई के रूप में देखने की दृष्टि देता है। भारत में कुटुंब भाव इसी चिंतन का परिणाम है। त्याग और अपनत्व से परिवार का निर्माण होता है और यही भावना आगे बढ़कर ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के रूप में संपूर्ण विश्व को अपना परिवार मानने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में मनुष्य ही नहीं, बल्कि सभी प्राणियों के प्रति संवेदना का भाव दिखाई देता है। यहाँ तक कि जीवों के प्रति सम्मान तथा परिवार और समाज में पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता जैसे उदाहरण बताते हैं कि भारतीय जीवन-दृष्टि में समस्त सृष्टि के प्रति आत्मीयता का भाव रहा है। वेद, उपनिषद ने इसी व्यापक दृष्टिकोण को समाज के सामने रखा है। राठौड़ ने कहा कि जो केवल स्वयं के लिए सोचता और स्वयं के लिए जीता है, वह समाज और मानवता के प्रति अपने दायित्व से विमुख हो जाता है। विभिन्न विचारधाराओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया को विभिन्न वर्गों और समूहों में बांटने वाली प्रवृत्तियों के विपरीत भारतीय चिंतन समस्त संसार के कल्याण की भावना को सामने रखता है। उन्होंने कहा कि ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’, ‘प्राणियों में सद्भावना हो’ और ‘विश्व का कल्याण हो’ जैसी भावनाएं भारतीय जीवन-दर्शन की व्यापकता को दर्शाती हैं। जो व्यक्ति केवल अपने समूह या अपने हित की चिंता करता है, वह ‘हम’ के भाव को विकसित नहीं कर सकता। ‘हम’ का भाव तभी विकसित होगा, जब व्यक्ति पूरे समाज और विश्व के हित के बारे में चिंतन करेगा। भारत की ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए राठौड़ ने कहा कि भारत ने दुनिया को शस्त्रों के माध्यम से प्रभावित नहीं किया, बल्कि ज्ञान, शिक्षा, संस्कृति, वेदों और अपने चरित्र के माध्यम से विश्व को प्रभावित किया है । भारत की सभ्यता ने लोगों को अपने चरित्र और आचरण के माध्यम से जोड़ा। भारत की यह परंपरा उसके ऋषियों और आचार्यों की देन है, जिन्होंने जीवन को कुटुंब भाव और मानवीय मूल्यों के साथ जीने का मार्ग दिखाया। उन्होंने वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज समाज को जाति, वर्ग और विभिन्न समूहों में बांटने वाली प्रवृत्तियां दिखाई दे रही हैं। संकुचित सोच के आधार पर समाज में विभाजन पैदा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रवृत्तियों के प्रति सजग रहते हुए भारतीय दर्शन और सामाजिक समरसता के आधार पर ‘हम’ के भाव को मजबूत करना होगा। राठौड़ ने संविधान सभा की बहसों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान सभा की चर्चाओं का अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत की पहचान, भाषा और राष्ट्र से जुड़े विषयों पर संविधान सभा में व्यापक विमर्श हुआ। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के निर्धारण से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति ‘मां’ का भाव और अपनत्व ही नागरिकों को ‘मैं’ से ‘हम’ की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि भारत को केवल राजनीतिक या भौगोलिक इकाई के रूप में नहीं, बल्कि एक जीवंत सांस्कृतिक चेतना के रूप में समझने की आवश्यकता है। भारतीय दर्शन, समाज और संस्कृति के आधार पर हमें यह चिंतन करना होगा कि व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के प्रति ‘हम’ का भाव कैसे विकसित किया जाए। पाथेय कण संस्थान के सचिव महेंद्र सिंहल ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए पाथेय कण संस्थान की यात्रा और उसकी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पाथेय कण पत्रिका ने अपने सदस्यता के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए 1 लाख 85 हजार सदस्य जोड़ने का गौरव प्राप्त किया है। पत्रिका के माध्यम से गांव-गांव तक जनजागरण के कार्य को आगे बढ़ाया गया। संस्थान द्वारा साहित्य, सामाजिक जागरण और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। महर्षि दधीचि देहदान सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें देहदान करने वाले व्यक्तित्वों के 15 परिवार एवं परिजनों का सम्मान के साथ देहदान के लिए प्रोत्साहित करने वाली 2 संस्थाओं को भी शॉल, अभिनंदन पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् एवं समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। अतिथिगण द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की गई। नृत्य-सृष्टि समूह के कलाकारों द्वारा आराधना स्वरूप शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। संविधान चित्र प्रदर्शनी व साहित्य प्रदर्शनी का श्रोताओ ने अवलोकन किया।
मैं’ से ‘हम’ की यात्रा ही भारत के चिंतन का मूल भाव :  हनुमान सिंह

कौन थे हस्तीमल

हस्तीमल हिरण का जन्म राजसमंद के आमेट में हुआ। विद्यार्थी जीवन से ही उन्होंने संघ कार्यों से जुड़कर अपना जीवन राष्ट्रकार्य को समर्पित कर दिया। उदयपुर में प्रचारक के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने संघ के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। वर्ष 2004 से 2015 तक अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रहे। अध्ययन, संगठन, आत्मीयता और सेवा उनके जीवन की प्रमुख विशेषताएं रहीं।

Related Articles

शिक्षा से नौकरी नहीं, बेहतर इंसान बनाना लक्ष्य हो: डॉ. मोहन भागवत

भागवत बोले- सफलता से ज्यादा जरूरी जीवन का सार्थक होना, शक्ति के बिना सत्य भी पंगु

Sep 14, 2026

राज्यपाल ने किया ‘हरित संगम-2026’ के पोस्टर का विमोचन

14 से 18 नवंबर तक जयपुर में होगा आयोजन; 2 अक्टूबर से दीपावली तक चलेगा व्यापक जनभागीदारी अभियान

Sep 11, 2026

मेवाड़ दर्शन यात्रा-2026 का समापन एवं अनुभव कार्यक्रम संपन्न।

कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्यों में तन-मन-धन से सहयोग का दिलाया विश्वास

Sep 08, 2026

धर्म और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान का स्मरण

गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत वर्षगांठ पर 21 सितंबर को RIC में विशेष व्याख्यान, डॉ. कृष्ण गोपाल होंगे मुख्य वक्ता

Sep 07, 2026

‘हम भारत के लोग’ का संदेश लेकर ‘लोक दर्शन यात्रा’ प्रारंभ

क्षेत्र प्रचारक निंबाराम ने पताका दिखाकर किया शुभारंभ, प्रदेश के सभी जिलों तक पहुंचेगी यात्रा

Sep 01, 2026