जयपुर में 501 कुंडीय संस्कार महायज्ञ 30 अक्टूबर को, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने किया पोस्टर विमोचन
By
वीएसके डेस्क
October 15, 2026
समाचार › राजस्थान विविध
जयपुर। भारतीय संस्कारों के प्रसार और नशा मुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जयपुर में 30 अक्टूबर को 501 कुंडीय संस्कार महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। भारत विकास परिषद के संस्कार प्रकल्प के तहत भारत विकास परिषद एवं आर्य युवा दल की ओर से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का पोस्टर मंगलवार को राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने विमोचित किया। आयोजन वैशाली नगर स्थित डीएवी स्कूल में होगा।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. रीता भार्गव, सहसंयोजक गुंजन सक्सेना, संजीव भार्गव, मीडिया प्रभारी आशीष शर्मा और डीएवी स्कूल के प्रधानाचार्य राजन गौतम ने राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। इस दौरान राज्यपाल ने आमंत्रण स्वीकार किया और महायज्ञ के पोस्टर का विमोचन किया।
एक हजार विद्यार्थी और अभिभावक होंगे शामिल
कार्यक्रम संयोजक डॉ. रीता भार्गव के अनुसार, महायज्ञ में विभिन्न विद्यालयों के करीब 1,000 विद्यार्थी और अभिभावक भाग लेंगे। आयोजन में शहर के गणमान्य नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और आमजन को भारतीय संस्कारों के महत्व तथा नशे से दूर रहने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
नशा मुक्ति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान
महायज्ञ के दौरान नशा मुक्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी, सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन और नागरिक कर्तव्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम स्थल पर नशा मुक्त भारत अभियान और भारतीय संस्कारों से संबंधित प्रदर्शनी लगाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। आयोजन के समापन पर प्रतिभागियों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी।
संस्कारों के साथ सामाजिक चेतना का संदेश
मीडिया प्रभारी आशीष शर्मा ने बताया कि 501 कुंडीय संस्कार महायज्ञ धार्मिक अनुष्ठान के साथ सामाजिक चेतना और सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रसार का माध्यम बनेगा। इसके जरिए विद्यार्थियों, अभिभावकों और आमजन को नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयोजन का प्रमुख उद्देश्य नई पीढ़ी में संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देना है।