हाईकोर्ट में 100 किलो लड्डुओं से मनाया अधिवक्ता परिषद का स्थापना दिवस
अधिवक्ताओं से लेकर सफाईकर्मियों और याचिकाकर्ताओं तक बांटी मिठास; 350 से ज्यादा अधिवक्ताओं ने दो दिन पहले सह-भोज में लिया हिस्सा
By
वीएसके डेस्क
September 07, 2026
समाचार › संघ व विविध संगठन
जयपुर, 7 सितंबर। अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद का 35वां स्थापना दिवस जयपुर में कुछ अलग अंदाज में मनाया गया। राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में सोमवार को न मंच था, न भाषण और न औपचारिक समारोह। इसके बजाय परिषद ने हाईकोर्ट परिसर में 100 किलो लड्डू बांटकर न्यायालय परिवार के हर वर्ग के साथ स्थापना दिवस की खुशियां साझा कीं।
खास बात यह रही कि मिठाई सिर्फ अधिवक्ताओं तक सीमित नहीं रही। न्यायालय कर्मचारी, सफाईकर्मी और अपने मामलों के लिए हाईकोर्ट पहुंचे याचिकाकर्ता भी इस आयोजन का हिस्सा बने। आयोजन के जरिए परिषद ने न्यायालय परिसर में काम करने वाले हर व्यक्ति को समान आत्मीयता और सम्मान देने का संदेश दिया।
प्रांत महामंत्री डॉ. अभिषेक सिंह ने बताया कि स्थापना दिवस के कार्यक्रम को जानबूझकर मंचीय औपचारिकताओं से दूर रखा गया। उद्देश्य था कि अधिवक्ताओं और न्यायालय परिवार के विभिन्न वर्गों के बीच सीधा संवाद, भाईचारा और समरसता मजबूत हो। परिषद की उच्च न्यायालय इकाई ने इस दौरान संगठन की स्थापना के उद्देश्यों और विधि क्षेत्र में उसकी भूमिका को भी रेखांकित किया।
दो दिन पहले ही जुटे थे 350 से ज्यादा अधिवक्ता
स्थापना दिवस से दो दिन पहले दिल्ली रोड स्थित रंगीला महादेव मंदिर परिसर में अधिवक्ता सह-भोज भी आयोजित किया गया। इसमें 350 से अधिक अधिवक्ताओं ने भाग लिया। राजस्थानी परंपरा के अनुरूप दाल-बाटी-चूरमा परोसा गया। आयोजन का मकसद केवल साथ बैठकर भोजन करना नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं के बीच आपसी संबंध और आत्मीयता मजबूत करना तथा राजस्थान की लोक संस्कृति और पारंपरिक खान-पान को बढ़ावा देना था।