Breaking News
VSK Foundation Jaipur Logo - विश्व संवाद केंद्र जयपुर
विश्व संवाद केंद्र, जयपुर ( VSK Foundation Jaipur )

सेवा भारती की सेवा गतिविधियों पर आधारित डॉक्यूमेंटरी का विमोचन

By चंद्रशेखर June 11, 2026
समाचार › राजस्थान विविध
सेवा भारती की सेवा गतिविधियों पर आधारित डॉक्यूमेंटरी का विमोचन
जयपुर, 11 जून। सेवा भारती समिति राजस्थान द्वारा सेवा सदन में संचालित विभिन्न सेवा कार्यों एवं प्रकल्पों पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंटरी का विमोचन स्वस्तिक भवन, जयपुर में संपन्न हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल, क्षेत्र कार्यवाह जसवंत खत्री, क्षेत्र सहकार्यवाह गेंदालाल, जयपुर प्रान्त संघचालक महेंद्रसिंह मग्गो तथा जोधपुर प्रान्त संघचालक हरदयाल सिंह ने संयुक्त रूप से डॉक्यूमेंटरी का विमोचन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सेवा भारती राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रेरणा से समाज के वंचित, जरूरतमंद एवं निम्न आय वर्ग के लोगों के बीच सेवा कार्य करने वाला एक प्रमुख संस्थान है। सेवा भारती केवल सेवा का ही नहीं, बल्कि समर्पण, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी प्रतीक है। संस्था के विविध प्रकल्प समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित किए जा रहे हैं। डॉक्यूमेंटरी में सेवा सदन में संचालित विभिन्न प्रकल्पों और उनकी उपलब्धियों को दर्शाया गया है। इनमें पैथोलॉजी जांच एवं परामर्श केंद्र विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जहां सभी प्रकार की उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सीय जांचें अत्यंत रियायती एवं न्यूनतम दरों पर उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे निम्न आय वर्ग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। केंद्र में सोनोग्राफी की सुविधा भी मात्र 400 रुपये की दर पर उपलब्ध है। सेवा सदन में संचालित कौशल विकास केंद्र के माध्यम से युवाओं एवं महिलाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यहां ड्राइविंग स्कूल, नर्सिंग सहायक प्रशिक्षण, कंप्यूटर प्रशिक्षण, एलईडी झालर निर्माण प्रशिक्षण तथा सिलाई प्रशिक्षण जैसे अनेक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार एवं स्वावलंबन के अवसर उपलब्ध कराना है। संस्था केवल प्रशिक्षण तक ही सीमित नहीं रहती, बल्कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात प्रशिक्षणार्थियों को आवश्यक कच्चा माल उपलब्ध कराने तथा उनके द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने और बिक्री में सहयोग भी प्रदान करती है। इससे प्रशिक्षित युवाओं और महिलाओं को रोजगार स्थापित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है तथा वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अग्रसर होते हैं। इसके अतिरिक्त सेवा सदन में सायंकालीन समय में सेवाबस्ती के बच्चों के लिए ट्यूशन कक्षाओं का भी संचालन किया जाता है। इन कक्षाओं के माध्यम से आर्थिक एवं सामाजिक रूप से वंचित परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है, जिससे उनकी शिक्षा और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा मिल रही है। वक्ताओं ने कहा कि सेवा भारती के सभी सेवा प्रकल्प मानव सेवा की भावना से प्रेरित होकर पूर्णतः निस्वार्थ भाव से संचालित किए जाते हैं। संस्था द्वारा जाति, पंथ, भाषा, क्षेत्र अथवा किसी अन्य आधार पर कोई भेदभाव किए बिना समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का सतत प्रयास किया जाता है। विमोचन समारोह में उपस्थित गणमान्यजनों ने सेवा भारती के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सेवा, संस्कार और आत्मनिर्भरता पर आधारित ऐसे प्रकल्प सामाजिक समरसता को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इन सेवा गतिविधियों में सहयोग एवं सहभागिता का आह्वान किया।
सेवा भारती की सेवा गतिविधियों पर आधारित डॉक्यूमेंटरी का विमोचन

Related Articles

राज्यपाल ने किया ‘हरित संगम-2026’ के पोस्टर का विमोचन

14 से 18 नवंबर तक जयपुर में होगा आयोजन; 2 अक्टूबर से दीपावली तक चलेगा व्यापक जनभागीदारी अभियान

Sep 11, 2026

मेवाड़ दर्शन यात्रा-2026 का समापन एवं अनुभव कार्यक्रम संपन्न।

कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्यों में तन-मन-धन से सहयोग का दिलाया विश्वास

Sep 08, 2026

धर्म और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान का स्मरण

गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत वर्षगांठ पर 21 सितंबर को RIC में विशेष व्याख्यान, डॉ. कृष्ण गोपाल होंगे मुख्य वक्ता

Sep 07, 2026

‘हम भारत के लोग’ का संदेश लेकर ‘लोक दर्शन यात्रा’ प्रारंभ

क्षेत्र प्रचारक निंबाराम ने पताका दिखाकर किया शुभारंभ, प्रदेश के सभी जिलों तक पहुंचेगी यात्रा

Sep 01, 2026