इंदौर में 2 से 4 नवंबर तक होगी संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक
शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की होगी समीक्षा, नशे की समस्या, बाहरी शक्तियों के हस्तक्षेप और वैश्विक परिदृश्य पर भी चर्चा
By
वीएसके डेस्क
October 23, 2026
समाचार › देश-विशेष
इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक 2 से 4 नवंबर तक मध्य प्रदेश के इंदौर में होगी। मालवा प्रांत में आयोजित होने वाली इस बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ वर्तमान समय के महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा होगी।
बैठक में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी छह सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्य विभाग प्रमुख और कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा संघ के सभी 46 प्रांतों के प्रांत संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक और उनके सह पदाधिकारी तथा सभी 11 क्षेत्रों के संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक एवं सह पदाधिकारी भी बैठक में शामिल होंगे।
शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की होगी समीक्षा
संघ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, हाल ही में विजयादशमी के साथ संघ शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला पूरी हुई है। बैठक में इन कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही विजयादशमी उत्सव पर सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के उद्बोधन में उठाए गए महत्वपूर्ण विषयों पर आगे की कार्ययोजना को लेकर चर्चा होगी।
नशे की समस्या और वैश्विक परिदृश्य पर मंथन
बैठक में वर्तमान समय की प्रमुख चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श होगा। इनमें नए माध्यमों पर उपलब्ध सामग्री, नशीली दवाओं की समस्या, बाहरी शक्तियों का हस्तक्षेप और वैश्विक परिदृश्य जैसे विषय शामिल हैं।